मुंगेर : सदर अस्पताल में मंगलवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक निदेशक ( इडी) संजय कुमार के आने की खबर सुनते ही स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गयी. क्षेत्रीय स्वास्थ्य उपनिदेशक डॉ महेश प्रसाद से लेकर कर्मचारी तक सुबह से दोपहर तक घंटों भाग- दौड़ करते रहे. किंतु दोपहर 12:30 बजे जैसे ही यह खबर मिली कि कार्यपालक निदेशक भागलपुर के लिए निकल गये हैं, अब वे अस्पताल नहीं आयेंगे. तब जा कर अधिकारी व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली.
10 बजते ही अस्पताल में यह चर्चा आम हो गयी कि पटना से स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक निदेशक मुंगेर आ रहे हैं. जिसके बाद से जिले से लेकर प्रमंडल स्तर के अधिकारी चौकन्ने हो गये तथा अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जहां सभी बेडों पर चादर की व्यवस्था को अच्छी तरह सुनिश्चित किया गया. वहीं नशामुक्ति केंद्र को विशेष रूप से व्यवस्थित किया जाने लगा. नशा मुक्ति केंद्र में बंद पड़ी टीवी को देख क्षेत्रीय स्वास्थ्य उपनिदेशक डॉ महेश प्रसाद ने चालू कर उस पर कोई समाचार का चैनल लगाने को कहा. उनके कहते ही वहां पर मौजूद एक चिकित्सक ने टीवी को ऑन कर समाचार का चैनल लगा दिया.
तभी उपनिदेशक की निगाह वार्ड में लगे एयरकंडीशन पर गयी, जो बंद पड़ी हुई थी. उन्होंने उसे भी चालू करने का निर्देश दिया. स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक निदेशक के आने की खबर सुन कर्मचारी भी काफी व्यस्त नजर आ रहे थे. कोई फूलों का गुलदस्ता लाने चले गये थे, तो कोई नारियल पानी. किंतु ठीक 12:30 बजे किसी ने उपनिदेशक को फोन पर यह सूचना दी कि अब इडी साहब अस्पताल नहीं जायेंगे, वे भागलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं. यह खबर सुनते ही सभी अधिकारी व कर्मियों ने राहत की सांस ली.
