कम से कम बनाया जाय सामुदायिक शौचालय, निजी शौचालय पर दें विशेष ध्यान
मुंगेर : शहरी क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक परिवार को शौचालय उपलब्ध कराने की योजना के तहत नगर विकास एवं आवास विभाग ने यह निर्देश दिया है कि सामुदायिक शौचालयों का कम से कम निर्माण किया जाय. साथ ही जहां कहीं सार्वजनिक शौचालय बनाये जायें उसका संधारण व्यक्तिगत रूप से हो. क्योंकि सामुदायिक शौचालय का सामूहिक उपयोग अव्यावहारिक है.
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने मुंगेर नगर निगम के नगर आयुक्त को इस संदर्भ में निर्देश दिया है कि शहर के प्रत्येक शौचालय विहीन परिवारों को निजी तौर पर शौचालय उपलब्ध कराया जाय.
विशेष परिस्थिति में यदि सामुदायिक शौचालय का निर्माण होता है तो उसे नजदीक के भूमिहीन एवं शौचालय विहीन परिवारों को एक-एक सीट (कमरा) आवंटित कर दिया जाय. ताकि उसका उपयोग उसी परिवार के द्वारा हो सके. इसमें इस बात पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है कि शौचालय विहीन परिवारों को भी इसका लाभ मिले.
