मुंगेर : स्पेशल सेल दिल्ली पुलिस व मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर मो मंजर उर्फ मंजी को गिरफ्तार कर लिया. उसे मुंगेर पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया. पुलिस अधीक्षक वरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि मो मंजी की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी.
उसकी गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव स्थित उसके घर के बाथरूम से की गयी. उसके खिलाफ स्पेशल सेल दिल्ली थाना में कांड संख्या 23/14 दर्ज है.
मंजी के भांजा की तलाश
एसपी श्री सिन्हा ने बताया कि जनवरी 2014 में दिल्ली में स्पेशल सेल पुलिस ने एक इंडिगो वाहन पर सवार खड़गपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरगंज निवासी विजय पाल तस्लीम व बनौधा गांव निवासी शहदुल्ला को गिरफ्तार किया था.
उसके पास से एके 47 व 30 नाइन एमएम पिस्टल बरामद हुआ था. यह सभी हथियार मंजी का था. इसे दिल्ली में सप्लाई के लिए भेजा गया था. इस घटना में मंजी के भगना मो सरफराज आलम की भी तलाश पुलिस कर रही है.
कई थानों में दर्ज हैं मामले : मो मंजी एक पेशेवर हथियार तस्कर है जो देश के विभिन्न हिस्सों में हथियार की डिलिवरी करता है. उसके खिलाफ मुफस्सिल थाने में पांच, कोतवाली थाना में एक, पटना सहित अन्य थानों में उसके खिलाफ मामला दर्ज है. एसपी ने बताया कि दिल्ली में वाहन के बॉडी में छुपा कर ले जा रहे 99 पिस्टल भी मो मंजी का ही था. जक्कनपुर थाना क्षेत्र पटना में मो मंजी केा 1000 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था. इधर पुलिस सूत्रों की माने तो मो मंजी बांग्लादेश, नेपाल एवं पाकिस्तान भी हथियार भेजने का काम करता है. जम्मू-कश्मीर पाकिस्तान बॉर्डर पर भी मंजी गिरफ्तार हुआ था. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि छापेमारी में शामिल मुफस्सिल इंस्पेक्टर रघुवंश प्रसाद सिंह, थानाध्यक्ष अभिनव दूबे, एसआइ प्रियरंजन, जमुना प्रसाद को पुरस्कृत किया जायेगा.
