मुंगेर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने जल जीवन हरियाली यात्रा के सातवें चरण का शुभारंभ गुरुवार को 9 जनवरी से करेंगे. इसके लिए वे बुधवार की शाम ही मुंगेर पहुंच रहे हैं. वे कल मुंगेर में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को बांका व भागलपुर जिले में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे और पुन: मुंगेर वापस लौट जायेंगे.
मुख्यमंत्री आज शाम पहुंचेंगे मुंगेर, 10 को भीमबांध में शिलान्यास व उद्घाटन
मुंगेर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने जल जीवन हरियाली यात्रा के सातवें चरण का शुभारंभ गुरुवार को 9 जनवरी से करेंगे. इसके लिए वे बुधवार की शाम ही मुंगेर पहुंच रहे हैं. वे कल मुंगेर में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को बांका व भागलपुर जिले में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे और पुन: मुंगेर […]

10 जनवरी को मुख्यमंत्री मुंगेर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल भीमबांध में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. साथ ही वहां जिले के 771 करोड़ के विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पूरी तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है. एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाया गया है.
वहीं मुख्यमंत्री के विश्राम स्थल मुंगेर परिसदन व उसके आसपास के क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा. मुख्यमंत्री यू तो 8 जनवरी को ही मुंगेर आ जायेंगे. लेकिन मुंगेर का मुख्य कार्यक्रम 10 जनवरी को भीमबांध में होगा. इस दौरान मुख्यमंत्री भीमबांध में अवस्थित गर्म जल उद्गम स्थल, कुंड, प्राकृतिक घने जंगल, भीमबांध वन्यप्राणी आश्रयणी अंतर्गत परिस्थितिकीय पर्यटन स्थल का भ्रमण करेंगे.
साथ ही ईको टूरिज्म विकास के अंतर्गत भीमबांध में हो रहे पर्यटकीय सुविधाओं के विकास कार्य का भी अवलोकन करेंगे. उनके आगमन को लेकर एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार डीएम व एसपी द्वारा भीमबांध, हवाई अड्डा व अन्य क्षेत्रों में अवलोकन किया जा रहा है. वहीं विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी तैयारी पूरी करने में दिन-रात काम किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री के वाहनों का कारकेड मंगलवार को ही मुंगेर पहुंच चुका है. किला परिसर के विभिन्न खराब पथों को दुरुस्त किया जा रहा और पूरी व्यवस्था चाक-चौबंद बनाने में विभिन्न विभागों के कार्य एजेंसी लगे हुए हैं.
जीविका समूह सहित कई विभाग लगायेगा स्टॉल : जीविका समूह सहित विभिन्न विभाग की ओर से भीमबांध में स्टॉल लगाये जायेंगे. जीविका के एक समूह द्वारा सतत जीविकोपार्जन योजना का प्रदर्शनी लगाया जायेगा और जीविकों दीदियों को सीएम द्वारा चेक भी प्रदान किया जायेगा.
जीविका दीदी के दूसरे समूह द्वारा जीविकोपार्जन से संबंधित गतिविधियां मसाला, बैंगल्स, मधु व मशरूम उत्पादन, आचार, कंबल निर्माण सहित अन्य पर प्रदर्शनी लगायी जायेगी. जबकि तीसरे समूह द्वारा कस्टम हेयरिंग सेंटर की प्रदर्शनी एवं चौथे समूह द्वारा कृषि, उद्यान एवं आत्मा द्वारा मशरूम एवं मधु उत्पादन पर प्रदर्शनी लगायी जायेगी. आईसीडीएस द्वारा कुपोषण एवं अन्नप्राशन प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के हाथों कुपोषित बच्चों को अन्नप्राशन कराया जायेगा.
सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, दिव्यांग जनों के लिए सहायक उपकरण व ट्राइसाइकिल योजना की प्रदर्शनी लगायी जायेगी. सीएम द्वारा 5 अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का चेक और पांच दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण व ट्राइसाइकिल दिया जायेगा. परिवहन विभाग के स्टॉल पर 5 लाभुकों को वाहन का चाबी भी सीएम देंगे.
हेलीकॉप्टर से सफियाबाद हवाई अड्डे पर उतरेंगे सीएम, सुरक्षा कड़ी
मुंगेर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 8 जनवरी को हेलीकॉप्टर से सफियाबाद हवाई अड्डा पर उतरेंगे. जहां से वे सीधे सड़क मार्ग से मुंगेर परिसदन जायेंगे. इस दौरान हवाई अड्डा सहित सीएम के प्रस्तावित सड़क मार्ग में सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया गया है.
चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को तैनात किया गया है. मंगलवार को एसपी लिपि सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ हवाई अड्डा का निरीक्षण किया और सुरक्षा का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस पदाधिकारी को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया.
मुख्यमंत्री सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक सभागार में मंगलवार को एसपी लिपि सिंह ने एक विशेष बैठक भी बुलायी. जिसमें सीआरपीएफ, एसएसबी, एसटीएफ, बीएमपी, आईबी के पदाधिकारियों ने भाग लिया. जिसमें नक्सल प्रभावित भीमबांध में सीएम कार्यक्रम को लेकर विशेष सुरक्षा को लेकर रणनीति बनायी गयी.
जबकि मुंगेर आगमन व यहां से यात्रा पर निकलने के दौरान सुरक्षा को लेकर ब्लू प्रिंट बनाया गया. बताया जाता है कि सीएम सुरक्षा में 2500 पुलिस अधिकारी और पुलिस बलों को लगाया गया है. जिसमें सीआरपीएफ, एसटीएफ, एसएसबी, कोबरा बटालियन, बीएमपी, जिला बल, चीता बल शामिल है.
बताया जाता है कि 12 से 13 कंपनी अर्धसैनिक बल मुंगेर जिला को मिला है. जबकि 1000 से अधिक जिला बल के जवान उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे. विदित हो कि 8 जनवरी को मुख्यमंत्री मुंगेर आयेंगे और निजी कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम मुंगेर में ही करेंगे.
9 जनवरी को मुंगेर से ही भागलपुर और बांका में जल-जीवन-हरियाली यात्रा में भाग लेने के लिए निकलेंगे. कार्यक्रम में भाग लेकर मुख्यमंत्री पुन: मुंगेर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे. 10 जनवरी को मुख्यमंत्री भीमबांध भ्रमण पर निकलेंगे. वहां से लौटने के बाद वे संग्रहालय सभागार में प्रमंडल स्तरीय बैठक में भाग लेंगे.
कहती हैं एसपी
एसपी लिपि सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुरक्षा को लेकर ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है. हवाई अड्डा से लेकर मुंगेर परिसदन में सुरक्षा का इंतजाम किया गया है. नक्सल प्रभावित भीमबांध में उनका कार्यक्रम है. इसलिए वहां सीएम की सुरक्षा में सीआरपीएफ, एसटीएफ, एसएसबी, कोबरा बटालियन, बीएमपी सहित अन्य जवानों को लगाया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.