स्मार्ट सिटी के दौर में गड्ढे में सड़क तलाश रहे लोग

मुंगेर : देश में स्मार्ट सिटी का दौर चल रहा है. शहरों में नागरिक सुविधा के विस्तार के साथ ही शहर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्र को विकसित करने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे. वहीं ऐतिहासिक शहर मुंगेर की सड़कें आम लोगों के चलने लायक नहीं रह गया है. मुंगेर शहरी क्षेत्र […]

मुंगेर : देश में स्मार्ट सिटी का दौर चल रहा है. शहरों में नागरिक सुविधा के विस्तार के साथ ही शहर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्र को विकसित करने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे. वहीं ऐतिहासिक शहर मुंगेर की सड़कें आम लोगों के चलने लायक नहीं रह गया है. मुंगेर शहरी क्षेत्र में लोग अब गड्ढों के बीच सड़क तलाश रहे हैं. शहर में नयी जलापूर्ति योजना के नाम पर जिंदल कंपनी द्वारा पाइप लाइन बिछायी के दौरान जिन मुख्य सड़कों को खोदा गया और फिर वहां सड़क बनायी गयी, उसकी गुणवत्ता बदतर है.

अधिकांश स्थानों पर सड़क एक से दो फीट दब चुकी है, जो दुर्घटना को आमंत्रित कर रहा है. मुंगेर शहर दो भागों में विभक्त है एक क्षेत्र है मुंगेर का किला परिसर. जहां जिले के आला अधिकारियों के कार्यालय व आवास हैं. यहां की सड़कें चमचमाती हुई है.
जबकि मुख्य बाजार के साथ ही मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के सड़कों की स्थिति बद से बदतर है. अधिक सड़कें गड्ढे में तब्दील हो चुकी है और जो कुछ शेष बचे हैं उसकी स्थिति भी चलने लायक नहीं है. बार-बार सड़क मरम्मत के नाम पर लाखों-करोड़ों खर्च हो रहे. लेकिन उसकी गुणवत्ता इतनी बदतर है कि एक बरसात में ही अपना स्वरूप खो देता है.
गड्ढे में तब्दील बिंदवारा मोड़-कासिम बाजार पथ
मुंगेर शहर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए चरागाह बना रहा है. शहर में नयी जलापूर्ति योजना के नाम पर जिंदल कंपनी द्वारा पाइप लाइन बिछाई के इस दौरान मुख्य सड़कों को जेसीबी से काटकर पाइप डाला गया.
यूं तो काफी दिनों तक ये सड़क यूं ही पड़ा रहा और सड़क चलने लायक की स्थिति में नहीं थी. काफी प्रयास के बाद जिंदल ने जिन सड़कों को पाइप लाइन बिछाने के लिए तोड़ा था उसकी मरम्मत की गयी. किंतु मरम्मत की गुणवत्ता इतनी बदतर रही कि भारी वाहनों का परिचालन जब उस सड़क से होना प्रारंभ हुआ तो सड़क दबता चला गया.
अब हाल यह है कि अधिकांश स्थानों पर सड़क पूरी तरह बर्बाद हो चुका है. बिंदवारा मोड़-खोजा बाजार-कासिम बाजार पथ की दशा जिंदल के पाइप लाइन के कारण काफी खराब है. सड़क का एक हिस्सा भारी वाहनों के आवागमन के बाद पूरी तरह से धंस चुका है और अब चार पहिया वाहन इन सड़कों पर चलाने में भारी मुश्किल हो रहा है.
इन सड़कों की स्थित भी बद से बदतर
अब्दुल हमीद चौक से गांधी चौक की सड़क पुरी तरह से जर्जर हो चुकी है. बारिश के कारण पिछले 15 दिनों से इस सड़क पर बने गड्ढे में पानी जमा हुआ है. जो लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है.
गांधी चौक से जुबली बेल चौक, भगत सिंह चौक, शादीपुर मार्ग, खानकाह-हजरतगंज मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है. जबकि नीलम चौक से दो नंबर गुमटी मार्ग एवं नीलम चौक से शास्त्री चौक की सड़क खस्ता हाल है. घसियार मुहल्ला रोड़ पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं.
शाह जुबेर रोड, बेकापुर, पीएनबी बैंक के पास बने मंदिर के समीप, पुअर हाउस मार्ग, शीतला स्थान चौक, मकससपुर से कासिम बाजार थाना तक सहित दर्जनों स्थानों पर सड़क की स्थिति पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है. जिसे देखने वाला कोई नहीं है.
पांच सड़कों का पथ निर्माण विभाग ने किया अधिग्रहण
मुंगेर शहर के पांच सड़कों को पथ निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहण किया गया है. जिसमें लालदरवाजा रेलवे स्टेशन से दलहट्टा, आईसीसी मार्ग, बीआरएम कॉलेज होते हुए पूरबसराय गोशाला मोड़ तक का रोड़ एक मार्ग में शामिल है.
जबकि दक्षिणी किला गेट से उत्तरी किला गेट होते हुए पूरानी पुलिस लाईन, मछली तालाब, सदर अस्पताल, एक नंबर ट्रैफिक से होते हुए लल्लू पोखर चौराहा में तक दूसरी सड़क. तीसरा मार्ग सोझी घाट से भगत सिंह चौक, कौड़ा मैदान, अंबे चौक, डीजे कॉलेज, पांच नंबर रेलवे गुमटी होते हुए बरियारपुर मुख्य सड़क में जाकर जुड़ेगा.
चौथा मार्ग है किला के पूर्वी द्वार से कोतवाली रोड, अब्दुल हमीद चौक, शास्त्री चौक, दो नंबर गुमटी, मोगलबाजार होते हुए नयागांव से राम लखन सिंह उच्च विद्यालय तक तथा पांचवा सड़क चुआबाग तीन मुहानी से कासिम बाजार-खोजा बाजार, बिंदबाड़ा मोड़ के समीप जमालपुर मुख्य मार्ग से जुड़ेगा. इन सड़कों का निमार्ण अब पथ निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है.
कहती हैं मेयर
मुंगेर के मेयर रूमा राज ने कहा कि शहर के पांच सड़कों का निर्माण पथ निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है. शेष मुख्य सड़कों के अधिग्रहण का फाइल पथ निर्माण विभाग लंबित है. निगम भी अपने सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रक्रिया कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >