राष्ट्रीय उच्च पथ 80 पर जाम के दौरान स्थानीय लोगों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प, एक घायल
मुंगेर : जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार को आरक्षण के विरोध में सवर्णों ने अलग-अलग जगहों पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. जाम में शामिल प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर सवर्णों के साथ भेद-भाव करने का आरोप लगाते हुए जम कर नारेबाजी की तथा सवर्णों को भी आरक्षण देने की मांग की. लगभग दो घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने के कारण राष्ट्रीय उच्च पथ-80, नौवागढ़ी-ऋषिकुंड पथ, नौवागढ़ी चड़ौन पथ सहित अन्य मार्गों में वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. हालांकि स्थानीय थाना के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया.
गुरुवार की सुबह लगभग 8 बजे गढ़ीरामपुर गांव में स्थानीय सवर्ण जाति के लोगों ने अपने ही गांव में नौवागढ़ी-ऋषिकुंड पथ को जाम कर दिया. जिसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाले दर्जनों छोटी-बड़ी वाहनों की लाइन लग गयी.
जाम के कारण बाइक व साइकिल सवार को अपना रास्ता बदलना पड़ा. लगभग 2 घंटे के बाद नयारामनगर थाना पुलिस द्वारा जाम को हटाया गया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय उच्च पथ 80 पर भगतचौकी के समीप सड़क जाम कर दिया. जिसके कारण कुछ ही मिनटों में सड़क के दोनों ओर यात्री वाहन, निजी वाहन तथा काफी संख्या में कांवरिया वहनों की कतार लग गयी. तभी कुछ स्थानीय युवक जामस्थल पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से कहा कि यह अनुसूचित जाति-जनजाति का क्षेत्र है.
यहां पर जाम करने से उनके क्षेत्र की बदनामी होगी. इसलिए वे लोग कहीं और जाकर सड़क जाम करें. किंतु प्रदर्शनकारी वहीं पर डटे रहे, इतने में एक स्थानीय युवक ने एक प्रदर्शनकारी पर डंडे से प्रहार कर दिया. जिसके बाद दो गुटों के बीच जम कर मारपीट हुई तथा प्रदर्शनकारी वहां से वापस अपने घर चले आये. इस मारपीट की घटना में भगतचौकी निवासी राजपति दास का पुत्र मोहन कुमार घायल हो गया. जिसे परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
घायल ने एससी-एसटी थाना में अपना बयान दर्ज कराया है कि सड़क जाम करने वालों में शामिल मुकेश सिंह, मिथिलेश सिंह, रौशन सिंह, राजकुमार सिंह सहित 30-40 अज्ञात लोगों ने उसके दुकान में 250 रुपये का भुंजा खाया. जब उसने उनलोगों से रुपये की मांग की तो उनलोगों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी. जिसमें वह घायल हो गया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
