डेढ़ वर्ष बाद पुन: शहर में फिर अतिक्रमणकारियों पर चलेगा डंडा
अल्टीमेटम के बाद भी अतिक्रमणकारी दुकानदारों ने नहीं हटाया अतिक्रमण
पिछले डेढ़ वर्षों में एक भी फुटपाथी को स्थल नहीं दिला सकी निगम
मुंगेर : मुंगेर मुख्यालय बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एक बार फिर नगर निगम एवं जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. छह जून से शहर में अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ होगा. प्रशासनिक स्तर पर लोगों को 5 जून तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है. लेकिन कहीं अबतक स्वयं अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं है. डेढ़ वर्ष बाद शहर में अतिक्रमण हटाने का कार्य पुन: प्रारंभ होगा. लेकिन इस दौरान निगम प्रशासन ने फुटपाथी दुकानदारों को स्थल उपलब्ध कराने का जो वादा किया था वह पूरा नहीं हो पाया. इतना ही नहीं मुंगेर में सब्जी के थोक विक्रेता को भी अबतक जगह नहीं उपलब्ध करायी गयी है और जिले स्कूल के खेल मैदान को अतिक्रमित कर रखा गया है.
अतिक्रमण हटाने का निर्देश बेअसर : निगम प्रशासन ने चार दिन पूर्व ही अतिक्रमणकारियों को स्वयं से अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया था. लेकिन अबतक मुख्य बाजार के दुकानदारों पर इसका असर नहीं देखा जा रहा है. अधिकांश दुकानदार अपने दुकान के आगे स्थल को अतिक्रमित कर रखा और फुटपाथ पर अवैध कब्जा जमा रखा है. निगम के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए जहां-तहां शहर में दुकानें सजी है. फल, सब्जी व फुटपाथ लगाने वाले दुकानदार बेखौफ होकर अपनी दुकानदारी चला रहे हैं. यूं निगम ने शहर के एक नंबर ट्रैफिक, कोतवाली रोड, राजीव गांधी चौक, निमतल्ला, इंदिरा गांधी चौक, बाटा चौक, दीन दयाल चौक, गुलजार पोखर, गांधी चौक, बेकापुर, पूरबसराय, कौड़ा मैदान, गोला रोड सहित अन्य स्थानों पर लगभग 200 दुकानदारों को पूर्व में ही नोटिस कर चुका है.
