मुंगेर : जिले के नौ प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर 276 सेविका एवं 251 सहायिका के पदों पर बहाली की जायेगी. सबसे अधिक रिक्तियां बरियारपुर प्रखंड में सेविका की 44 एवं तारापुर में सहायिका की 45 है. समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव ने बाल विकास परियोजना के अधीन बहाली निकाली है. 15 दिसंबर तक सभी प्रखंडों के स्थानीय निवासी महिला (बहू) से विहित प्रपत्र में आवेदन आमंत्रित किये गये हैं. साथ ही 16 से 19 दिसंबर तक आवेदन के संबंध में दावा आपत्ति भी मांगी गयी है.
सेविका व सहायिका का चयन आमसभा के माध्यम से किया जाना है. आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका के चयन के लिए अर्हता मैट्रिक उत्तीर्ण है. जबकि सहायिका के लिए आठवां पास है. सहायिका के चयन में विधवा अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी गयी है. साथ ही विधवा अभ्यर्थी के नहीं रहने पर क्रमानुसार अनुसूचित जाति-जनजाति, अतिपछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक सहित) पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग के विधवा उम्मीदवार को चयनित किया जायेगा. इसमें से किसी भी अभ्यर्थी के उपलब्ध नहीं होने पर मेधा अंक के आधार पर सर्वोच्च मेधा अंक वाले अभ्यर्थी को चयनित किया जायेगा.
