सभी जिले के प्रमुख स्थानों पर बनाये जायेंगे सेल प्वाइंट : प्रमंडलीय आयुक्त
मुंगेर : पहली दिसंबर से खुदरा अनुज्ञप्तिधारी के माध्यम से बालू की बिक्री की जायेगी. इसके लिए खनिज विकास निगम अपने स्टोर से खुदरा अनुज्ञप्तिधारियों को बालू की आपूर्ति करेगा और जिले के प्रमुख स्थानों पर बनाये गये सेल प्वाइंट से बालू की बिक्री होगी. इसलिए 15 नवंबर तक इसकी सभी वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर ली जाये. ये बातें शनिवार को मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने प्रमंडलस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही. बैठक में प्रमंडल के जमुई, लखीसराय, शेखपुरा एवं खगड़िया के जिलाधिकारी तथा मुंगेर के प्रभारी जिलाधिकारी के साथ ही सभी जिलों के अपर समाहर्ता, उपविकास आयुक्त एवं तकनीकी विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल के सभी जिलों में बालू स्टोरेज के लिए पांच-पांच एकड़ जमीन चयन कर सरकार को इसकी रिपोर्ट भेज दी गयी है. मुंगेर मुख्यालय में सदर प्रखंड के सामने स्थित वैबरेज कॉरपोरेशन के गोदाम परिसर को ही बालू स्टोरेज सेंटर बनाया जायेगा. सेल प्वाइंट निर्धारण में यह ध्यान रखा जाये कि जिले के सभी प्रमुख स्थलों पर सेल प्वाइंट बने. ताकि लोगों को सुलभ बालू उपलब्ध हो सके. मुंगेर-मिर्जाचौकी फोर लेन कार्य में लाएं गति : आयुक्त ने मुंगेर से भागलपुर-कहलगांव होते हुए मिर्जापुर चौकी तक बनने वाले फोर लेन सड़क के भूमि चयन एवं अधिग्रहण के मामले की समीक्षा करते हुए नेशनल हाइवे ऑथिरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित मैप के अनुसार भूमि का चयन तत्काल सुनिश्चित की जाये. ताकि इस परियोजना को बिना विलंब किये प्रारंभ किया जा सके. एनएच के अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के मामले में कुछ कागजों की समस्या उत्पन्न हो रही है.
