धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथी गांव की घटना, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
धरहरा. धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथी गांव में जमीन विवाद को लेकर रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों ओर से लाठी-डंडे से एक दूसरे पर प्रहार किया गया. जिसमें कई महिला सहित कुल 10 लोग घायल हो गये. इधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया.जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह दशरथी गांव में जमीन विवाद राजा कुमार और मदन बिंद आमने-सामने आ गये. दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गयी. शोर-शराबा सुनकर दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गयी और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे. इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के छह लोग घायल हो गये. घायलों को ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
मारपीट के मामले में दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से मदन बिंद व कारे बिंद और दूसरे पक्ष से राजा कुमार को गिरफ्तार किया. जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.