गमछे और दुपट्टे से लटका मिला युवक-युवती का शव, प्रेम प्रसंग या डबल मर्डर? जांच में जुटी पुलिस

हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक ही पेड़ से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस प्रेम-प्रसंग सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है.

मोतिहारी क्राइम: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गिरि टोला गांव के सरेह में शुक्रवार की सुबह एक ही पेड़ से युवक और युवती के शव फंदे के सहारे लटके मिले. खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर दोनों शवों पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही हरसिद्धि पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद दोनों की पहचान पकड़िया गांव निवासी के रूप में हुई.

अलग-अलग डालियों से लटके मिले दोनों शव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक और युवती के शव एक ही पेड़ की अलग-अलग डालियों से गमछा और दुपट्टे के फंदे के सहारे लटके हुए थे. शुरुआत में दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी. घटनास्थल की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी पहचान हुई.

मृतक युवक की पहचान पकड़िया गांव निवासी योगेंद्र बैंठा के पुत्र भोला बैंठा के रूप में हुई है. वहीं मृतिका की पहचान सफीना खातून के रूप में बतायी गयी है, जो सनाल्लाह मियां की पत्नी थी.

गुरुवार दोपहर से घर से थे गायब

परिजनों के अनुसार, भोला बैंठा और सफीना खातून गुरुवार की दोपहर से ही अपने-अपने घर से गायब थे. दोनों के घर नहीं लौटने के बाद परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे.

शुक्रवार सुबह सरेह में दोनों के शव मिलने की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये.

प्रेम-प्रसंग की चर्चा, कारणों की जांच जारी

ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग की चर्चा है. बताया गया कि सफीना खातून की पहले शादी हुई थी और बाद में उसने सनाल्लाह मियां से दूसरी शादी की थी. हालांकि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस प्रेम-प्रसंग के साथ आत्महत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, घर से निकलने की परिस्थितियों, आपसी संबंध और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है.

एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाती FSL की टीम, फोटो- प्रभात खबर

घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्यों को सुरक्षित किया. वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गयी.

पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहना जल्दबाजी होगी.

प्रभारी डीएसपी कुमारी प्रियंका ने भी प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बताया. उन्होंने कहा कि जांच के लिए स्पेशल टीम और डायरेक्ट स्क्वाड को लगाया गया है. वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

यह भी पढे़ं:

'ऊपर तक जाता है हिस्सा...' मोतिहारी उत्पाद थाने के गेट पर ये कैसी उगाही? वायरल वीडियो ने मचाई खलबली

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >