Motihari News: मोतिहारी. शिक्षा विभाग के मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में बच्चों को दी जाने वाली आयरन फोलिक एसिड (IFA) गोली के सेवन और स्वास्थ्य जांच से जुड़े आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि को लेकर सख्त निर्देश जारी किया है. अब सभी सरकारी स्कूलों के प्रधान शिक्षकों को प्रत्येक माह की 7 तारीख तक यह पूरा डेटा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा.
हर माह 7 तारीख तक अपलोड करना होगा डेटा
मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक विनायक मिश्र ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि सभी विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य जांच और IFA गोली के सेवन से संबंधित आंकड़े निर्धारित समय सीमा में पोर्टल पर दर्ज किए जाएं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि डेटा अपलोड करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
प्रपत्र "क" के प्रारूप में देना होगा पूरा ब्यौरा
निदेशालय के निर्देश के अनुसार सभी प्रधान शिक्षकों को प्रत्येक माह की 7 तारीख तक प्रपत्र "क" के प्रारूप में बच्चों के स्वास्थ्य जांच और IFA गोली के सेवन से संबंधित विवरण ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना होगा. इससे स्कूल स्तर पर बच्चों के स्वास्थ्य और आयरन-फोलिक एसिड सेवन का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगा.
डेटा अपलोड में लापरवाही पर विभाग सख्त
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान समीक्षा में सामने आया कि कुछ जिलों के विद्यालयों की ओर से स्वास्थ्य जांच और IFA गोली के सेवन का शत-प्रतिशत डेटा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया जा रहा है. विभाग के अनुसार पहले भी कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद ऐसी स्थिति बनी हुई है. इसे गंभीरता से लेते हुए अब डेटा प्रविष्टि की नियमित निगरानी का निर्देश दिया गया है.
जिला स्तर पर लगातार होगी मॉनिटरिंग
जिला कार्यक्रम प्रबंधकों और जिला समन्वयकों को निर्देश दिया गया है कि वे जिला स्तर पर इसकी लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा करें. इसका उद्देश्य न केवल पोर्टल पर शत-प्रतिशत डेटा दर्ज कराना है, बल्कि स्कूलों में IFA गोलियों की उपलब्धता की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करना भी है.
आवश्यकता के अनुसार IFA गोली की होगी आपूर्ति
विभाग के अनुसार पोर्टल पर सही और समय पर डेटा उपलब्ध होने से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि किन विद्यालयों में IFA गोलियों की उपलब्धता कम है. इसके आधार पर जरूरत के अनुसार संबंधित स्कूलों में दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी.
यह भी पढ़ें: रोसड़ा-बखरी क्षेत्र से पटना के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू, 18 सितंबर तक प्रायोगिक परिचालन
