रक्सौल में 60 पीस प्रतिबंधित ओनरेक्स कफ सिरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

नशीले पदार्थ की तस्करी के खिलाफ रक्सौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रतिबंधित ओनरेक्स कफ सिरप की 60 पीस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. ये तस्कर लोकल ट्रेन से खेप पहुंचाने वाले थे.

Raxaul News: रक्सौल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रतिबंधित ओनरेक्स कफ सिरप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से 60 पीस ओनरेक्स कफ सिरप बरामद की है. गिरफ्तार दोनों आरोपी सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं. पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

लोकल ट्रेन से पहुंचने वाली थी कफ सिरप की खेप

रक्सौल इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीतामढ़ी की ओर से लोकल ट्रेन के माध्यम से नशीली कफ सिरप की खेप रक्सौल पहुंचने वाली है. सूचना के सत्यापन के बाद एसआई रवि कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर आश्रम रोड, छठिया घाट और स्टेशन रोड में पुलिस बल की तैनाती की गई.

छठिया घाट के पास दो संदिग्ध युवक उतरे

पुलिस के अनुसार लोकल ट्रेन के छठिया घाट के समीप रुकने के बाद दो संदिग्ध युवक झोला लेकर नीचे उतरे और आश्रम रोड की ओर जाने लगे. झोला देखकर पुलिस को दोनों पर संदेह हुआ. पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख दोनों युवक भागने लगे.

पीछा कर दोनों को पुलिस ने पकड़ा

दोनों युवकों के भागने के बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके झोले से 60 पीस प्रतिबंधित नशीली ओनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.

सीतामढ़ी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी जिले के पुरौना निवासी रामनाथ प्रसाद के पुत्र अभय कुमार और गणेश राय के पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों नशीली कफ सिरप की खेप लेकर रक्सौल पहुंचे थे.

दो अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी

इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो ने बताया कि नशीली कफ सिरप की डिलीवरी में दो अन्य लोग भी शामिल थे, जो पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से भागने में सफल रहे. पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है. उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें: बगहा में व्यापारियों की नई टीम तैयार, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >