Motihari News: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से 20 से 25 जुलाई तक आयोजित "हैंड्स-ऑन वर्कशॉप ऑन कैंपस प्लेसमेंट प्रिपरेशन" का सोमवार को शुभारंभ हुआ. कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट की चुनौतियों के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करना है.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ रोजगार के लिए जरूरी प्रोफेशनल स्किल्स पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
तकनीकी ज्ञान के साथ सॉफ्ट स्किल्स भी जरूरी
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नवनीत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है.
उन्होंने कहा कि कम्युनिकेशन स्किल, एप्टीट्यूड, व्यक्तित्व विकास और इंटरव्यू स्किल सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियां हैं. छात्रों को लगातार सीखते रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और हर अवसर का पूरा लाभ उठाने की सलाह भी दी.
करियर निर्माण और उद्योग की जरूरतों पर हुई चर्चा
सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा. अनिल कुमार छोटू ने छात्रों को करियर निर्माण, प्रोफेशनल एटीट्यूड और उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं की जानकारी दी.
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया.
रिज्यूमे और इंटरव्यू की बारीकियां सीख रहे छात्र
कार्यक्रम में प्रो. आशुतोष कुमार ने कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया, प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू की बारीकियों पर विस्तृत जानकारी दी.
उन्होंने छात्रों को बताया कि बेहतर तैयारी और सही प्रस्तुति से प्लेसमेंट के अवसरों को बढ़ाया जा सकता है.
सभी विभागों के शिक्षक रहे मौजूद
कार्यशाला में प्रो. रश्मि प्रिया, प्रो. रवि कुमार, प्रो. अरमान अली सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं.
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट पदाधिकारी डा. शैलेश रंजन कुमार के निर्देशन में किया गया. आगामी दिनों में छात्रों के लिए विभिन्न प्रायोगिक सत्र और प्लेसमेंट उन्मुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
