रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
raxaul woman murder case: हरदिया पंचायत अंतर्गत गम्हरिया गांव के समीप रेलवे लाइन किनारे रविवार दोपहर एक अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है. शव की भयावह स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह साफ लग रहा है कि अपराधियों ने युवती की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया था.
हाथ-पैर बंधे मिले, दुष्कर्म के बाद मर्डर की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, रेलवे लाइन से सटे सरेह में शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था. युवती के हाथ और पैर कपड़े से बंधे हुए थे, जबकि चेहरे को ईंट-पत्थरों से पूरी तरह कुचल दिया गया था ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके. घटनास्थल की परिस्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवती की किसी अन्य जगह पर हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है. स्थानीय लोगों में यह भी चर्चा है कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद इस सुनियोजित वारदात को अंजाम दिया गया है.
जांच के लिए बुलाई गई मोतिहारी से एफएसएल की टीम
घटना की भनक लगते ही रक्सौल और पलनवा थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है. रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है.
