रिपुराज एग्रो का उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया निरीक्षण, 5 हजार रोजगार सृजन की संभावना

Raxaul Industrial Project: रामगढ़वा स्थित रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड की विस्तार योजनाओं से लगभग 5 हजार रोजगार सृजन की संभावना जताई गई है. उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने परियोजना का निरीक्षण कर इसे बिहार के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया. पढ़ें पूरी खबर…

Raxaul Industrial Project: पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा स्थित रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड की विस्तार योजनाओं से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार और औद्योगिक विकास की संभावनाएं बढ़ गई हैं. गुरुवार को बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कंपनी का दौरा कर प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान कंपनी के निदेशक रिपु रमन ने प्रस्तुति के माध्यम से वर्तमान और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. कंपनी का दावा है कि परियोजना के विस्तार के बाद लगभग 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल सकता है.

राइस मिल से एथनॉल प्लांट तक कई बड़ी परियोजनाएं

कंपनी की प्रस्तावित विस्तार योजनाओं में आधुनिक राइस मिल, दो लाख मीट्रिक टन क्षमता का साइलो, राइस ब्रान सॉल्वेंट प्लांट, अत्याधुनिक चूड़ा मिल, 400 केएलपीडी क्षमता का एथनॉल प्लांट और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क शामिल हैं.

कंपनी प्रबंधन के अनुसार, इन परियोजनाओं के शुरू होने के बाद कृषि आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा.

किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार

रिपुराज एग्रो का कहना है कि विस्तारित परियोजनाओं के संचालन के बाद हर वर्ष लगभग 22 लाख मीट्रिक टन धान और मक्का की खपत होगी.

इससे पूर्वी चंपारण और आसपास के जिलों के किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा. साथ ही कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा.

उद्योग मंत्री ने की परियोजना की सराहना

निरीक्षण के दौरान उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कंपनी की विस्तार योजनाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्वी चंपारण ही नहीं बल्कि पूरे बिहार के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

उन्होंने कहा कि कृषि आधारित उद्योगों का विस्तार किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में सहायक होगा.

सरकार ने सहयोग का दिया भरोसा

उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी. उन्होंने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया.

इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक आर.पी. गुप्ता, रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह का स्वागत, चंपारण के औद्योगिक विकास पर चर्चा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >