Motihari News: फेनहारा थाना क्षेत्र की खान पीपरा पंचायत के मथरवा गांव में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया. पथराव में एक महिला पुलिसकर्मी समेत करीब पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. महिला पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसका इलाज सीएचसी मधुबन में कराया जा रहा है. घटना के दौरान पुलिस की दो गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं.
अतिक्रमण हटाने पहुंची थी प्रशासनिक और पुलिस टीम
अंचलाधिकारी डेजी सिंह ने बताया कि करीब दो माह पूर्व एक ग्रामीण के परिवाद के आधार पर उक्त स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था. इसके बाद जेसु राय, पिता बलदेव राय की ओर से दोबारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली.
शिकायत के आधार पर गुरुवार को प्रशासनिक एवं पुलिस टीम जेसीबी के साथ मथरवा गांव पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की.
कार्रवाई के दौरान अचानक शुरू हुआ पथराव
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी, तभी कुछ पुरुषों और महिलाओं ने अचानक पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई. पथराव में करीब पांच पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
महिला पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आने के बाद उसे इलाज के लिए सीएचसी मधुबन ले जाया गया.
महिला को धक्का देने के आरोप पर उग्र हुए ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक ग्रामीण महिला को धक्का दे दिया. इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया.
हालांकि, प्रशासन की ओर से पुलिसकर्मी द्वारा महिला को धक्का देने के आरोप की पुष्टि नहीं की गई है.
घटना के बाद आगे की कार्रवाई की तैयारी
सीओ डेजी सिंह ने बताया कि घटना के बाद थाना पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी. पथराव, पुलिसकर्मियों के घायल होने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की घटना को लेकर तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: नौ सूत्री मांगों को लेकर मजदूर सभा का अनशन, पांच डिसमिल जमीन और 700 रुपये मजदूरी की मांग
