Motihari News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में डीएम ने योजना के लाभार्थियों को समय पर लाभ नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए बैंक अधिकारियों को ऋण स्वीकृति और वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया.
एक सप्ताह में 97 स्वीकृत ऋण वितरित करने का निर्देश
बैठक में डीएम ने कहा कि जिन 97 आवेदकों के ऋण पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं, उन्हें अगले एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से राशि वितरित कर इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
142 लंबित आवेदनों पर दो सप्ताह में निर्णय
डीएम ने बैंकों में लंबित 142 आवेदनों की जांच प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर अगले दो सप्ताह के भीतर उन पर ऋण स्वीकृति देने की समय-सीमा निर्धारित की. उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को बिना अनावश्यक विलंब के योजना का लाभ मिलना चाहिए.
विभागों और बैंकों के समन्वय पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, बैंक अधिकारियों और पंजीकृत वेंडर्स को बेहतर समन्वय के साथ सभी कागजी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्य पूरे करने होंगे.
बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रभारी बैंकिंग पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, सभी बैंकों के जिला समन्वयक तथा योजना से जुड़े पंजीकृत वेंडर्स उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार
