रक्सौल में नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानिए पात्रता और जरूरी दस्तावेज

रक्सौल में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नए राशन कार्ड के लिए विशेष अभियान शुरू हो गया है. पात्र परिवार 13 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जानिए आवश्यक दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया.

Raxaul News: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत पात्र परिवारों को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जोड़ने के लिए 14 जुलाई से विशेष अभियान शुरू किया गया है. यह अभियान 13 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान पात्र परिवारों से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं.

सरकार के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने आवेदन, दस्तावेजों के सत्यापन और राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है.

घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि पात्र परिवार स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

आवेदन मोबाइल फोन से घर बैठे किया जा सकता है. इसके अलावा साइबर कैफे या पंचायत भवन में कार्यरत कार्यपालक सहायक की मदद से भी आवेदन जमा किया जा सकता है.

आवेदन के बाद होगी जांच

ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद संबंधित दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा.

जांच में पात्र पाए जाने वाले परिवारों को नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा, जिससे वे सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे.

डीलरों को भी दिए गए निर्देश

अभियान को सफल बनाने के लिए जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सभी डीलरों को अपने-अपने क्षेत्र के पात्र परिवारों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है.

उन्हें जरूरतमंद परिवारों को ऑनलाइन आवेदन की जानकारी देने और सरकारी खाद्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करने को कहा गया है.

समयबद्ध तरीके से होगी पूरी प्रक्रिया

एमओ श्री कुमार ने बताया कि अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है. संबंधित कर्मियों को आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र लाभुक अनावश्यक रूप से इंतजार न करे.

उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की कि वे 13 अगस्त तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन अवश्य कर दें.

ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

  • जाति प्रमाण पत्र
  • आय प्रमाण पत्र
  • आवासीय प्रमाण पत्र
  • आवेदक का हस्ताक्षर
  • परिवार का सामूहिक फोटो
  • बैंक पासबुक की छायाप्रति
  • परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड
  • एक सक्रिय मोबाइल नंबर

राशन कार्ड बनने के बाद पात्र परिवारों को जन वितरण प्रणाली के माध्यम से सरकार द्वारा निर्धारित खाद्यान्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitendra kumar

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >