Motihari Weather Update: मोतिहारी सहित पूरे पूर्वी चंपारण जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है. पिछले कुछ दिनों की तपिश के बाद अब बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने दस्तक दी है. मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे जिले के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. एक ओर जहां प्रकृति के तेवर बदल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में योग और स्वदेशी के संकल्प को लेकर एक बड़ा समागम होने जा रहा है.
अगले 24 घंटे के लिए मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग ने मोतिहारी जिले के लिए अगले 24 घंटे तक आंधी, मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि इस दौरान वज्रपात (बिजली गिरना) और तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोग विशेष सतर्कता बरतें. शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
किसानों और आम लोगों के लिए विशेष सलाह
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को कटी हुई फसलों को भीगने से बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रखने का सुझाव दिया है. साथ ही, आम लोगों से अपील की गई है कि वे मेघ गर्जन के दौरान ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें. खुले मैदानों में जाने से बचें ताकि वज्रपात जैसी घटनाओं से सुरक्षित रहा जा सके.
महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में योग सेवा समागम आज
स्वदेशी अभियान सम्मेलन को लेकर पतंजलि के तत्वावधान में आज, 10 मई को महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में ‘योग सेवा समागम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में योगपीठ के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश कुमार मुख्य रूप से शामिल होंगे. इस समागम में पूर्वी चंपारण के अलावा आसपास के कई जिलों से पतंजलि के कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है.
