Motihari: छतौनी में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी समारोह से लौट रही महिला की गई जान

मोतिहारी में देर रात शादी समारोह से लौट रही महिलाओं को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौके पर मौत हो गई. पढ़ें पूरी खबर..

Motihari News: मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई. घटना होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के सामने की बताई जा रही है, जहां शादी समारोह से लौट रहीं महिलाओं को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी.

पैदल घर लौट रही थीं महिलाएं

जानकारी के अनुसार, 4 से 5 महिलाएं शादी समारोह से लौटकर पैदल अपने घर जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे में छोटा बरियारपुर वार्ड संख्या-39 निवासी शम्मी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका के पति का नाम अमोद सिंह बताया गया है. वहीं साथ चल रही अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

परिवार में मचा कोहराम

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग भी सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >