Motihari: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच पड़ा भारी, युवक से 10.90 लाख की ठगी

ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का सपना मोतिहारी के एक युवक को भारी पड़ गया. ‘Globix Vault’ नामक प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर ठगों ने पहले भरोसा जीता और फिर 10.90 लाख रुपये ठग लिए. जब युवक ने पैसे निकालने की कोशिश की तो टैक्स और कमीशन के नाम पर...

Motihari News: मोतिहारी में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है. बंजरिया थाना क्षेत्र के आदर्श नगर चिलवनिया निवासी लोकेश्वर कुमार पाण्डेय से साइबर अपराधियों ने 10 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली.

पीड़ित ने मामले की शिकायत मोतिहारी साइबर थाना में दर्ज कराई है. पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच में जुट गई है.

व्हाट्सएप पर दिया गया लालच

पीड़ित लोकेश्वर कुमार पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले व्हाट्सएप के जरिए अज्ञात लोगों ने उनसे संपर्क किया था. ठगों ने उन्हें “Globix Vault” नामक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया.

शुरुआत में कम निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाकर साइबर अपराधियों ने उनका विश्वास जीत लिया.

कमीशन और इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी

इसके बाद ठगों ने कमीशन और निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए.

पीड़ित ने धीरे-धीरे कुल 10 लाख 90 हजार रुपये आरोपियों के बताए खातों में भेज दिए.

विड्रॉल करते ही खुला खेल

लोकेश्वर को ठगी का एहसास तब हुआ जब उन्होंने निवेश की गई रकम निकालने की कोशिश की. जैसे ही उन्होंने विड्रॉल का प्रयास किया, आरोपियों ने टैक्स और अतिरिक्त कमीशन के नाम पर और पैसे मांगने शुरू कर दिए.

संदेह होने पर पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, जिसके बाद साइबर अपराधियों ने संपर्क तोड़ दिया.

राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी शिकायत

पीड़ित ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी दर्ज कराई है. साइबर थाना पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >