Motihari News: मोतिहारी शहर के जिला स्कूल स्थित इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित डिजनीलैंड मेले के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. हॉस्पिटल चौक से ओवरब्रिज जाने वाले मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन शाम करीब 6:30 बजे से रात 10:00 बजे तक भीषण जाम की स्थिति बन रही है. इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और शहरवासियों को रोजाना घंटों जाम में फंसकर परेशान होना पड़ रहा है.
खेल मैदान में मेला और मुख्य सड़क पर अतिक्रमण से आफत
स्थानीय खेल प्रेमियों और नागरिकों का कहना है कि जिस मैदान में बच्चों के खेलकूद के लिए स्टेडियम बना है, वहाँ व्यावसायिक मेले के आयोजन से खेल गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं. इसके अलावा, मेले के आसपास मुख्य सड़क के किनारे बड़ी संख्या में चलंत ठेला, खोमचे और अस्थायी दुकानें सज गई हैं. इस अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क काफी संकरी हो गई है, जिसने यातायात व्यवस्था को और ज्यादा बिगाड़ दिया है. शाम ढलते ही यहाँ रेंगते वाहनों की लंबी कतारें साफ देखी जा सकती हैं.
दूसरे मेले की तैयारी से व्यापारियों और जनता की बढ़ी चिंता
अभी जिला स्कूल परिसर का मेला चल ही रहा है कि इसी बीच नगर निगम द्वारा टाउन हॉल परिसर में भी एक और डिजनीलैंड मेले के आयोजन की तैयारी की जा रही है. इस खबर से शहरवासियों की चिंता और बढ़ गई है. लोगों का मानना है कि इससे हॉस्पिटल चौक, मीना बाजार, मोतीझील, हिंदी बाजार और मधुबनी छावनी रोड जैसे पहले से ही व्यस्त इलाकों में जाम की समस्या और ज्यादा विस्फोटक हो सकती है. स्थानीय व्यापारियों को आशंका है कि शाम के समय महाजाम के डर से लोग बाजारों में आने से बचेंगे, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा.
सुरक्षा पर सवाल, बाहरी इलाकों में मेला शिफ्ट करने की मांग
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोग गंभीर सवाल उठा रहे हैं. लोग पूर्व में नगर भवन परिसर में लगे डिजनीलैंड मेले के दौरान हुई एक हत्या की वारदात का जिक्र कर सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं. शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि ऐसे बड़े मेलों का आयोजन शहर के रिहायशी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के बजाय बाहरी इलाकों (आउटर एरिया) में कराया जाए. साथ ही वर्तमान मेले के दौरान यातायात प्रबंधन दुरुस्त करने, अवैध अतिक्रमण हटाने और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है.
मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
