मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले की सभी 394 ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर ग्राम सभाएं आयोजित कर विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई. कार्यक्रम की खास बात महिलाओं की बड़ी और सक्रिय भागीदारी रही. कई पंचायतों में प्रभात फेरी, ग्राम सभा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण भी किया गया.
रामगढ़ महुआवा पंचायत में पहुंचे प्रभारी सचिव
चकिया प्रखंड की रामगढ़ महुआवा पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रभारी सचिव शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राम जनम पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी चकिया शिवानी शुभम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया कबीर खातून ने की.
संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पूरा करें लक्ष्य
प्रभारी सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए पंचायतों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया. उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित कर ग्राम सभा के माध्यम से विकास योजनाओं के चयन और समीक्षा की जाएगी.
महिला हितैषी ग्राम पंचायत रही मुख्य थीम
उन्होंने बताया कि पंचायतों के स्थानीयकृत सतत विकास के लिए 17 विकासात्मक बिंदुओं पर कार्य किया जा रहा है. इस बार पंचायत विकास दिवस की थीम ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ रखी गई, जिसके तहत महिलाओं की भागीदारी, सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की गई.
विकास योजनाओं की समीक्षा और ‘मन की बात’ का प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. कई पंचायतों में प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया.
