मोतिहारी /पताही से विकास कुमार सिह की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी की पताही थाना पुलिस ने मंगलवार को महमादा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने हथियार के बल पर कपड़ा दुकान में हुई लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार बदमाश की पहचान महमादा गांव निवासी मिथलेश कुमार उर्फ ‘लंबू’ के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपड़ा दुकान लूटकांड का फरार वारंटी मिथलेश कुमार उर्फ लंबू चुपके से अपने घर आया हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वरीय पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद थानाध्यक्ष बबन कुमार, दरोगा हेमचन्द्र यादव, पंचरत्न सिंह और पुलिस बल की एक विशेष टीम ने महमादा गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा.
हत्या और सोना लूट समेत कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले
थानाध्यक्ष के मुताबिक, गिरफ्तार मिथलेश उर्फ लंबू का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है. उस पर पताही थाना के बखरी में हथियार के बल पर कपड़ा दुकान लूटने (कांड संख्या 25/20), कल्याणपुर मठ के पास पटना के कार चालक की लूट के दौरान हत्या करने (कांड संख्या 105/18) और बखरी बाजार की किराना दुकान में लूट (कांड संख्या 106/24) का मामला दर्ज है. इसके अलावा, पटना के शास्त्री नगर थाने में भी उस पर सोना लूट का एक बड़ा मामला (कांड संख्या 110/20) दर्ज है. कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद से पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी.
