Motihari News: पूर्वी चंपारण में सरकारी कार्यों में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है. बंजरिया अंचल को छोड़कर जिले के शेष 26 अंचलों के अंचलाधिकारियों और सभी राजस्व पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है. अधिकारियों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है.
C.W.J.C और M.J.C की समीक्षा में सामने आई लापरवाही
अपर समाहर्त्ता, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी की ओर से C.W.J.C और M.J.C की अद्यतन स्थिति की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई. समीक्षा के दौरान पाया गया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद बंजरिया अंचल को छोड़कर जिले के अन्य सभी अंचलों के अंचलाधिकारियों का प्रतिवेदन अब तक अप्राप्त है.
राजस्व महाअभियान के कार्यों में भी नहीं ली जा रही रुचि
राजस्व महाअभियान की समीक्षा के दौरान भी अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी सामने आई. समीक्षा में पाया गया कि अंचलाधिकारी और राजस्व पदाधिकारियों की ओर से राजस्व महाअभियान के कार्यों में कोई रुचि नहीं ली जा रही है. प्रशासन ने इसे कार्य के प्रति उदासीनता और सरकारी आदेश की अवहेलना का द्योतक माना है.
बंजरिया को छोड़ 26 अंचलों के अधिकारियों का वेतन रोका
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण की ओर से बंजरिया अंचल के अंचलाधिकारी को छोड़कर शेष 26 अंचलों के अंचलाधिकारियों और सभी राजस्व पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है. यह कार्रवाई C.W.J.C, M.J.C और राजस्व महाअभियान से जुड़े कार्यों में लापरवाही को लेकर की गई है.
24 घंटे के अंदर देना होगा स्पष्टीकरण
संबंधित अधिकारियों को C.W.J.C, M.J.C और राजस्व महाअभियान से संबंधित प्रतिवेदन विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें अपना स्पष्टीकरण पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपर समाहर्त्ता, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा.
सरकारी कार्य में रुचि नहीं लेने पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों से स्पष्टीकरण में यह बताने को कहा गया है कि सरकारी कार्य में रुचि नहीं लिये जाने के फलस्वरूप उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए विभाग को प्रतिवेदित क्यों नहीं किया जाए. प्रशासन की इस कार्रवाई से लंबित प्रतिवेदन और राजस्व महाअभियान से जुड़े कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का स्पष्ट संदेश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी पुलिस लाइन में खुला सुधा पार्लर, जवानों को परिसर में ही मिलेगी शुद्ध दूध-दही
