मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari Chain Snatching: पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शहर में हुई चेन स्नैचिंग की दो बड़ी वारदातों का सफल खुलासा किया है.एसटीएफ की सटीक खुफिया इनपुट पर कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज में कुख्यात अपराधी विजय कुमार उर्फ राजू यादव के पैतृक आवास पर सघन छापेमारी की गई.इस दौरान पुलिस ने घर से करीब 20 ग्राम लूटी गई सोने की चेन बरामद करने में सफलता हासिल की है.हालांकि पुलिस की टीम के पहुंचने से पहले ही भनक लगते ही मुख्य आरोपी विजय कुमार मौके से भागने में सफल रहा.
एक ही दिन दो महिलाओं से हुई थी छिनतई
पुलिस के अनुसार आरोपी विजय कुमार लंबे समय से मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में दर्ज छिनतई के दो गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था.एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि लूट का सारा माल उसके पैतृक घर में छिपाकर रखा गया है.इसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर त्वरित कार्रवाई की गई.बीते 7 जून 2026 को छतौनी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक ही दिन दो अलग-अलग महिलाओं को अपना निशाना बनाया था.
छतौनी पुलिस खंगाल रही गिरोह के तार
पहली घटना में छोटा बरियारपुर के मिथिलेश कुमार की पत्नी रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थीं,तभी बदमाशों ने उनसे 9.95 ग्राम की सोने की चेन झपट ली थी.वहीं दूसरी वारदात में आर्य समाज चौक की किरण देवी से अपराधियों ने सोने की चेन लूटी थी.मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बरामद चेन इन दोनों वारदातों से जुड़ी है.फरार अपराधी विजय की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.
