Motihari News: बंजरिया प्रखंड अंतर्गत सिसवा पूर्वी पंचायत में ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ योजना के तहत आधुनिक ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का शुभारंभ गुरुवार को हुआ. पंचायत के वार्ड नंबर-16 स्थित सरकारी भूमि पर बनने वाले हाट का शिलान्यास मुखिया तान्या प्रवीण और पीओ अश्विनी कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया. इस परियोजना पर कुल 29 लाख 41 हजार रुपये खर्च किये जाएंगे. ग्रामीण हाट के निर्माण से स्थानीय लोगों को बाजार की सुविधा मिलने के साथ रोजगार और आजीविका के नये अवसर मिलने की उम्मीद है.
Banjariya News: 29 लाख 41 हजार रुपये से बनेगा आधुनिक ग्रामीण हाट
सिसवा पूर्वी पंचायत में बनने वाले आधुनिक ग्रामीण हाट के लिए कुल 29 लाख 41 हजार रुपये की प्राक्कलित राशि स्वीकृत की गयी है. परियोजना के तहत श्रम मद में 2,88,391 रुपये और सामग्री मद में 26,52,609 रुपये निर्धारित किये गये हैं.
पंचायत में इस परियोजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
300 रुपये तय हुई मजदूरों की दैनिक मजदूरी
ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य में स्थानीय श्रमिकों को भी काम मिलेगा. परियोजना के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 300 रुपये निर्धारित की गयी है.
इससे निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और ग्रामीण परिवारों को आजीविका के लिए अतिरिक्त सहारा मिलेगा.
‘हर ग्रामीण को रोजगार, हर परिवार को आजीविका’ का लक्ष्य
यह परियोजना ‘हमारा संकल्प-हर ग्रामीण को रोजगार, हर परिवार को आजीविका’ के मूल मंत्र को साकार करने की दिशा में शुरू की गयी है. आधुनिक हाट के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ ग्रामीण उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है.
ग्रामीणों का कहना है कि हाट के निर्माण से आसपास के लोगों को खरीद-बिक्री के लिए बेहतर स्थान मिलेगा और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है.
पंचायत के विकास में मील का पत्थर साबित होगा हाट
मुखिया तान्या प्रवीण ने कहा कि आधुनिक ग्रामीण हाट पंचायत के चहुंमुखी विकास में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि हाट बनने के बाद स्थानीय ग्रामीणों को अपने उत्पादों की खरीद-बिक्री के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी.
उन्होंने परियोजना को ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया.
शिलान्यास के दौरान अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
निर्माण कार्य के शुभारंभ के मौके पर कार्यपालक अभियंता रुद्र कुमार, एई राकेश कुमार, मनरेगा जेई विजय कुमार, पीटीए आलोक कुमार, पीआरएस संतोष कुमार, पंचायत सचिव गणेश चौधरी, मुखिया पति फैजूर रहमान मुन्ना, वार्ड सदस्य शम्भू नाथ यादव सहित अन्य कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे.
अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया.
यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ के बीच रेलवे का इमरजेंसी प्लान तैयार, खतरा दिखा तो थम जाएंगी ट्रेनें
