Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर आन-बान और शान के साथ तिरंगा फहराया गया. मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी.
मार्च पास्ट में दिखा अनुशासन और जोश
ध्वजारोहण के बाद बिहार पुलिस, एसएसबी, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. प्रभारी मंत्री ने परेड की सलामी ली. इससे पूर्व उन्होंने डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात के साथ परेड का निरीक्षण भी किया.
परेड के दौरान जवानों और विद्यार्थियों में अनुशासन, जोश और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला. समारोह में बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे.
सामूहिक वंदे मातरम् बना मुख्य आकर्षण
इस वर्ष गांधी मैदान में आयोजित समारोह का विशेष आकर्षण मुख्य मंच से हुआ सामूहिक वंदे मातरम् गायन रहा. सामूहिक गायन शुरू होते ही पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के माहौल में डूब गया. समारोह में मौजूद लोगों ने भी उत्साह के साथ गायन में भाग लिया.
प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
ध्वजारोहण के बाद जिलेवासियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी और विकास योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि सात निश्चय योजना और जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है. सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार करना और राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया. सम्मानित होने वालों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और अन्य क्षेत्र के लोग शामिल रहे. सम्मान मिलने पर लोगों में उत्साह देखने को मिला.
समाहरणालय से जिला परिषद तक फहराया गया तिरंगा
मुख्य समारोह के बाद जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया. समाहरणालय परिसर में डीएम सौरभ सुमन यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी दी. सदर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अरुण कुमार ने झंडोत्तोलन किया. वहीं जिला परिषद कार्यालय में जिप अध्यक्ष ममता राय ने तिरंगा फहराया.
मुख्य समारोह में डीएम सौरभ सुमन यादव, एसपी स्वर्ण प्रभात सहित जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे. पूरे जिले में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा.
