Motihari News: पूर्वी चंपारण के बनकटवा प्रखंड स्थित जीतपुर पैक्स में धान अधिप्राप्ति के लिए लिए गए कैश-क्रेडिट ऋण की राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है. मामले को गंभीर मानते हुए मोतिहारी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के निर्देश पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पूर्व अध्यक्ष और तत्कालीन सचिव पर एफआईआर
को-ऑपरेटिव बैंक की ढाका शाखा के प्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता के आवेदन पर जीतना थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
एफआईआर में जीतपुर पैक्स के तत्कालीन अध्यक्ष लालबाबू प्रसाद यादव और तत्कालीन सचिव रीमा देवी को नामजद किया गया है.
सरकारी राशि के गबन का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि धान अधिप्राप्ति के लिए प्राप्त कैश-क्रेडिट ऋण की सरकारी राशि को संबंधित पदाधिकारियों ने बैंक खाते में जमा नहीं कराया और उसका कथित रूप से गबन कर लिया.
यह कार्रवाई मोतिहारी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आकिब जावेद के आदेश पर की गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में जीतना थाना कांड संख्या-172/26 दर्ज कर लिया है. यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5)/3(5) के तहत दर्ज किया गया है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वित्तीय लेन-देन सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी है.
जांच के बाद आगे होगी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस प्राथमिकी के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
