Motihari News: पताही. थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुए डबल हत्याकांड के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. मोतिहारी पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि घटना के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बिना सत्यापन किसी सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की है.
सड़क पर पानी गिराने को लेकर हुआ था विवाद
मोतिहारी पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को जिहुली गांव में सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था. विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना में दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गये. दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गये
घटना के संबंध में पताही थाना में कांड संख्या 244/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
फरार दो आरोपियों पर 20-20 हजार का इनाम
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं फरार दो आरोपियों पर पुलिस ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.
सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती
पुलिस के अनुसार फरार दोनों आरोपियों को सरेंडर करने का मौका दिया गया है. सरेंडर नहीं करने की स्थिति में उनके घरों की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा.
सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री को लेकर चेतावनी
डबल हत्याकांड के बाद पुलिस सोशल मीडिया के सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर निगरानी रख रही है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि सामाजिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
जिहुली में माहौल शांत, लोगों से अफवाह से बचने की अपील
पुलिस के अनुसार वर्तमान में घटनास्थल और आसपास का माहौल शांतिपूर्ण है. पुलिस लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है. लोगों से अपील की गयी है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और किसी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर कर लें.
