मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट
High Voltage Wire Accident: मोतिहारी जिला के बंजरिया थाना क्षेत्र के गोबरी गांव के समीप सिकरहना नदी पर चल रहे बांध निर्माण कार्य के दौरान बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया.यहां मिट्टी गिराने के क्रम में एक हाइवा ट्रक ऊपर से गुजर रहे हाई-वोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में आ गया.तारसटते ही पूरी गाड़ी में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से हाइवा चालक गंभीर रूप से झुलस गया और घायल हो गया.
Motihari News: डंपर उठाते ही गाड़ी में दौड़ा करंट
मिली जानकारी के अनुसार, गोबरी गांव के पास सिकरहना नदी बांध का निर्माण कार्य बड़े पैमाने पर चल रहा है.इसी परियोजना के तहत बांध स्थल पर भारी वाहनों से मिट्टी गिराने का काम किया जा रहा था.बुधवार शाम को एक हाइवा चालक ने मिट्टी अनलोड करने के लिए जैसे ही गाड़ी का डंपर ऊपर उठाया, वह सीधे ऊपर से गुजर रहे हाई-वोल्टेज बिजली के नंगे तारों से छू गया.इस हादसे में घायल चालक की पहचान झारखंड निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई है, जो संबंधित निर्माण कंपनी में कार्यरत है.
गंभीर हालत में मोतिहारी रेफर, इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद कार्यस्थल पर चीख-पुकार मचगई.स्थानीय ग्रामीणों और वहां मौजूद अन्य सह-कर्मियों की तत्परता से बिजली कटवाकर घायल चालक को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी शहर रेफर कर दिया.समाचार लिखे जाने तक घायल चालक का इलाज शहर के अस्पताल में चल रहा था, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है.ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर रोजाना दर्जनों भारी वाहनों का परिचालन हो रहा है, लेकिन बिजली विभाग और निर्माण कार्य में लगी कंपनी ने सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की है.कार्यस्थल के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को या तो ऊंचा किया जाना चाहिए था या वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी.सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज करने के कारण ही यह जानलेवा हादसा हुआ है.
