Motihari: बंजरिया पुलिस का बड़ा एक्शन, शराब तस्करों समेत 5 गिरफ्तार, हत्या का आरोपी भी दबोचा

बंजरिया थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत शराब तस्करों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में 55 लीटर देसी शराब और एक बाइक जब्त की गई है. वहीं हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें पूरी खबर...

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

Motihari News: अपराध और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बंजरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब तस्करी, शराब सेवन और हत्या मामले में वांछित आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की है. कार्रवाई के दौरान 55 लीटर देसी चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.

55 लीटर शराब के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि चैलाहां बिन टोली में छापेमारी के दौरान लक्ष्मण मुखिया और उनके पुत्र राकेश मुखिया को गिरफ्तार किया गया. दोनों के कब्जे से 55 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई. शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है. पुलिस के अनुसार दोनों पिता-पुत्र शराब तस्करी के धंधे में संलिप्त थे. बरामद शराब और वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

शराब के नशे में तीन लोग गिरफ्तार

वहीं अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में सिंघिया हिवन निवासी भोला कुमार, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बलुवा निवासी राजेश कुमार तथा नगर थाना क्षेत्र के बलुआ बाजार निवासी अंशु कुमार शामिल हैं. चिकित्सीय जांच में तीनों के शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

हत्या मामले में फरार आरोपी भी गिरफ्तार

बंजरिया पुलिस को हत्या के एक मामले में भी बड़ी सफलता मिली है. थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना कांड संख्या 334/25 में नामजद और लंबे समय से फरार चल रहे रघुनाथपुर निवासी सूरज राम को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा रहा है.

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि बंजरिया थाना क्षेत्र को अपराध और अवैध गतिविधियों से मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. शराब माफियाओं, तस्करों और फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >