Raxaul News: रक्सौल. बाल विवाह के खिलाफ जमीनी स्तर पर अभियान चला रहे प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर ने संयुक्त राष्ट्र की ओर से 27 नवंबर को ‘बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित किए जाने का स्वागत किया है. संगठन ने इसे बाल विवाह के खिलाफ भारत में नागरिक समाज संगठनों की ओर से चलाये जा रहे प्रयासों की वैश्विक मान्यता बताया.
स्कूलों में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोकियारी एवं हरैया में स्कूली बच्चों और बच्चियों के बीच बाल विवाह मुक्त विश्व को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी ने की.
थानाध्यक्ष ने बच्चों को किया जागरूक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान ने बच्चों को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूक किया. उन्होंने बाल विवाह के सामाजिक दुष्परिणामों को समझाते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने और जागरूकता फैलाने पर जोर दिया.
एसएसबी अधिकारी ने सामूहिक प्रयास पर दिया जोर
एसएसबी 47वीं वाहिनी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इंस्पेक्टर नंदकिशोर तिवारी ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बतायी. उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा.
भारत की आवाज बनी दुनिया का संकल्प
प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी ने कहा कि भारत से उठी आवाज आज पूरी दुनिया का संकल्प बन गयी है. संयुक्त राष्ट्र की घोषणा गर्व का विषय है, लेकिन केवल जश्न मनाने से काम नहीं चलेगा. हर बच्चे को बाल विवाह मुक्त बचपन दिलाना सामूहिक जिम्मेदारी है.
कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ रहा संगठन
आरती कुमारी ने बताया कि संगठन स्कूलों, पंचायतों और गांवों में लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों का दोबारा नामांकन भी कराया जा रहा है. इसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़कर बाल विवाह जैसी कुप्रथा से बचाना है.
बालिकाओं ने अतिथियों को दिया मोमेंटो
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने प्रधानाध्यापक, हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान और एसएसबी इंस्पेक्टर नंदकिशोर तिवारी को बाल विवाह मुक्त विश्व का मोमेंटो देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया गया.
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
मौके पर प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चंपारण के सामाजिक कार्यकर्ता राज गुप्ता, अभिषेक कुमार, किरण वर्मा, आशीष कुमार, गौतम कुमार, उमेश कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक, जाने आलम, अजय झा, भारत कुशवाहा, माधुरी कुमारी, सुषमा कुमारी, मोहम्मद जहांगीर, कृष्णमोहन श्रीवास्तव, एसोसिएशन फॉर वॉलेंटरी एक्शन के शिवपूजन कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: HIV से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, जांच से दवा तक एक ही कैंप में मिल रही सुविधा
