अगर दिखे बाल मजदूरी या मानव तस्करी का मामला, तुरंत करें 1098 पर कॉल... छात्राओं को बताया गया पूरा तरीका

मोतिहारी के एमजेके कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को मानव तस्करी, बाल विवाह और बाल मजदूरी के खिलाफ जागरूक करने के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया गया. उन्हें संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई.

Human Trafficking: मोतिहारी के एमजेके कन्या इंटर कॉलेज में सोमवार को मानव तस्करी, बाल विवाह और बाल मजदूरी के खिलाफ जागरूकता अभियान आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन जिला मानव तस्करी निरोधी इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन, मोतिहारी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक करना और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी देना था.

विशेषज्ञों ने छात्राओं को दी महत्वपूर्ण जानकारी

कार्यक्रम में डीएसपी, मानव तस्करी निरोधी इकाई उमेश कुमार, शरवेंद कुमार, महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी, चंद्रदीप कुमार, बाल संरक्षण पदाधिकारी अभिषेक कुमार तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को संबोधित किया.

उन्होंने मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूप, उसके दुष्परिणाम, बाल विवाह और बाल मजदूरी के नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

1098 हेल्पलाइन पर तुरंत करें संपर्क

छात्राओं को बताया गया कि यदि किसी बच्चे के साथ शोषण, बाल श्रम, बाल विवाह या मानव तस्करी जैसी घटना की जानकारी मिले, तो तुरंत संबंधित प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें.

वक्ताओं ने कहा कि समय पर दी गई सूचना किसी बच्चे का भविष्य बचा सकती है.

साइबर सुरक्षा और बाल अधिकारों पर भी हुई चर्चा

जागरूकता सत्र के दौरान छात्राओं को बाल अधिकार, शिक्षा का महत्व, सुरक्षित जीवन, साइबर सुरक्षा और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों की भी जानकारी दी गई.

अधिकारियों ने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही मानव तस्करी, बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है.

छात्राओं ने लिया जागरूकता फैलाने का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने इन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य लालबाबू साह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि शिक्षक राजकुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >