टेंपो के गुप्त तहखाने में छिपाकर ला रहे थे शराब, पीपराकोठी में 373 लीटर बरामद, पांच गिरफ्तार

पीपराकोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 373 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब जब्त की है. इस दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहे टेंपो और चोरी की बाइक के साथ पकड़े गए तस्कर शामिल हैं.

Motihari News: पीपराकोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की. इस दौरान करीब 373 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक टेंपो और चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है. कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी और शराब पीकर हंगामा करने के मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.

ओवरब्रिज के नीचे वाहन जांच में पकड़ा गया टेंपो

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की खेप इलाके से गुजरने वाली है. सूचना के आधार पर रात में पीपराकोठी ओवरब्रिज के नीचे वाहनों की जांच शुरू की गयी. इसी दौरान एक संदिग्ध टेंपो की तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान पुलिस को टेंपो में शराब छिपाने के लिए बनाये गये गुप्त तहखाने का पता चला.

फाइल बॉक्स काटकर बनाया था शराब छिपाने का तहखाना

पुलिस के अनुसार टेंपो में दस्तावेज रखने के लिए बने फाइल बॉक्स को काटकर उसके अंदर तहखाना बनाया गया था. इसी गुप्त जगह से ऑफिसर च्वाइस टेट्रा पैक की 180 एमएल वाली 1366 बोतलें बरामद की गयीं. पुलिस के अनुसार इन बोतलों में कुल 246 लीटर अंग्रेजी शराब थी. टेंपो को जब्त कर सुनील यादव और मोहम्मद मुख्तार को गिरफ्तार किया गया.

गन्ने के खेत में छिपाकर रखी थी 120 लीटर शराब

पुलिस ने दूसरी कार्रवाई सिसिरिया गांव में की. निर्भय राय के घर के पीछे गन्ने के खेत में छापेमारी के दौरान ऑफिसर च्वाइस टेट्रा पैक की 180 एमएल वाली 672 बोतलें बरामद की गयीं. पुलिस के अनुसार इनकी कुल मात्रा 120.960 लीटर थी. शराब को खेत में छिपाकर रखा गया था.

चोरी की बाइक से छह लीटर देसी शराब बरामद

ढेकहां बेला जगतिया गांव में राजेश मांझी के घर के पास भी पुलिस ने छापेमारी की. यहां काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से छह लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई. पुलिस ने मोटरसाइकिल को चोरी की बताया है. इस कार्रवाई में अजीत कुमार और सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया.

शराब पीकर हंगामा कर रहा था कुंदन कुमार

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार वह शराब पीकर हंगामा कर रहा था. इस तरह अभियान के दौरान शराब तस्करी और शराब सेवन से जुड़े मामलों में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई. पुलिस ने जब्त शराब, टेंपो और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है.

अभियान में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष शाहिल कुमार, संतोष कुमार, राजवीर और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.

ये भी पढ़ें: जिस काम का असर बच्चों की जिंदगी पर दिखा, उसी के लिए सीतामढ़ी की नुसरत जहां को मिला बिहार केसरी सम्मान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु कुमार

हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >