Woman climbed the tower : पटना जिले के मसौढ़ी में प्रेमी के साथ रहने की जिद में एक शादीशुदा महिला गुरुवार की सुबह मसौढ़ी नगर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गयी. महिला को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर मसौढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा.
महिला की पहचान गौरीचक निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. वह मसौढ़ी में किराये के मकान में रहती है और तीन बच्चों की मां है. उसके पति राजू राम हलवाई का काम करते हैं.
कई वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया जाता है कि लक्ष्मी कुमारी का मसौढ़ी नगर स्थित अनुमंडल अस्पताल के पास एक निजी स्कूल में चालक का काम करने वाले मंटू कुमार से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा है. मंटू भी शादीशुदा है. बुधवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष समझौते के लिए मसौढ़ी कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन वहां भी मामले का समाधान नहीं हो सका.
सुबह पांच बजे टावर पर चढ़ी महिला
बताया गया कि गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे लक्ष्मी मोबाइल टावर पर चढ़ गयी और प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी. महिला का कहना था कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है. इस दौरान उसने प्रेमी पर रुपये ठगने, यौन शोषण और मारपीट करने के आरोप भी लगाए.
पुलिस के समझाने पर नीचे उतरी
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया. करीब पांच घंटे चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस के समझाने पर महिला सुरक्षित नीचे उतर आयी. इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गयी, जहां पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
