Madhubani News : डीएम व एसपी ने मतदाता जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ने पांच मतदाता जागरूकता प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

मधुबनी. बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बीते सोमवार को समाहरणालय परिसर से जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ने पांच मतदाता जागरूकता प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह कार्यक्रम स्वीप गतिविधि के तहत आयोजित किया गया. जिसका उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को जागरूक कर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करना है. यह प्रचार रथ जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से आम मतदाताओं को आगामी 11 नवंबर को मतदान में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे. जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लोगों को लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है. यह रथ जिले के उन क्षेत्रों में विशेष रूप से जाएंगे जहां पिछले चुनाव में मतदान का प्रतिशत कम रहा था. ताकि इस बार अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि प्रत्येक मतदाताओं की भागीदारी ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है. मतदान न केवल अधिकार है बल्कि यह हमारा कर्तव्य भी है. सभी मतदाता 11 नवंबर को मतदान अवश्य करें. पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव के लिए तैयारी की जा रही है. सभी मतदाता निर्भीक होकर 11 नवंबर को मतदान करें. मौके पर उपस्थित स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी परिमल कुमार ने कहा कि इस प्रचार रथ में मतदाता से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी के साथ जिला पदाधिकारी का संदेश, जिला स्वीप आइकॉन की अपील एवं अन्य संदेशों को भी शामिल किया गया है. प्रचार वाहन जिले के मतदाताओं को सशक्त और सचेत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >