पंडौल में घर पर पथराव और हवाई फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार, कई की तलाश जारी

पंडौल थाना क्षेत्र के बथने पश्चिम में रविवार सुबह एक घर पर पथराव और हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है. पीड़ित ने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है.

Madhubani News: पंडौल थाना क्षेत्र की बथने पश्चिम पंचायत में रविवार सुबह एक घर पर पथराव और कथित हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस घटना के साथ-साथ पुराने विवाद के पहलू की भी जांच कर रही है.

पीड़ित ने रंगदारी मांगने और हमले का लगाया आरोप

पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित दीपक कुमार कुंवर ने आरोप लगाया है कि 17 जुलाई की शाम खनगांव निवासी मनमोहन सिंह ने फोन कर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी. रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

शिकायत के अनुसार, रविवार सुबह करीब 20 से अधिक लोग उनके घर पहुंचे और ईंट-पत्थर चलाकर तोड़फोड़ की. इस दौरान कथित तौर पर एक राउंड हवाई फायरिंग भी की गई. पीड़ित का कहना है कि जान बचाने के लिए उन्हें घर के अंदर बंद होना पड़ा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर कुछ देर बाद दोबारा लौटे और फिर पथराव कर जान से मारने की धमकी देकर चले गए.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

पीड़ित के आवेदन के आधार पर पुलिस ने बथने पूर्व निवासी पप्पू मंडल, खनगांव निवासी लालू यादव, अमन कुमार सिंह, राहुल कुमार, नवहथ निवासी गणेश पंडित सहित कई नामजद तथा दर्जनों अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है.

पुलिस बोली- प्रारंभिक जांच में पुराना विवाद आया सामने

पंडौल पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान हरिदेव सिंह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ दीपक कुमार कुंवर के घर पहुंचे थे, जहां पथराव हुआ और एक राउंड हवाई फायरिंग की सूचना मिली. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है.

थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि मामले में हरिदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और चौकीदारों की तैनाती की गई है. शेष आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >