ट्रैफिक चालान से लेकर बैंक ऋण तक होगा निपटारा, मधुबनी लोक अदालत में बनाई गईं आठ बेंच

मधुबनी में 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक लोन और पारिवारिक विवादों सहित विभिन्न लंबित मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा. कुल आठ न्यायिक बेंचों का गठन किया गया है, जिनमें ट्रैफिक चालान के लिए दो विशेष बेंच शामिल हैं.

National Lok Adalat Madhubani: मधुबनी जिले में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी प्रशासनिक और न्यायिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आमजन को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष पवन कुमार पांडेय के निर्देश पर व्यापक रूपरेखा बनाई गई है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सचिन कुमार ने विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्रिलिटिगेशन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए कुल आठ न्यायिक बेंचों का गठन किया है. इन बेंचों में सुलहनीय फौजदारी मामलों, वैवाहिक व पारिवारिक विवादों, मोटर दुर्घटना दावा वाद, बैंक लोन और ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से निबटारा किया जाएगा.

Traffic Challan Settlement: छह बेंचों में बैंक और सुलहनीय मामलों की सुनवाई

प्राधिकार सचिव सचिन कुमार ने बताया कि गठित कुल आठ में से छह बेंचों पर सुलहनीय आपराधिक मामलों के साथ विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जुड़े मामलों की नियमित सुनवाई होगी. प्रथम बेंच के पीठासीन पदाधिकारी द्वितीय एडीजे उमेश कुमार पांडेय और सदस्य अधिवक्ता मिथिलेश कुमार झा होंगे, जहां परिवार न्यायालय, एमएसीटी और पीएनबी, सीबीआई व बीओआई के मामले सुने जाएंगे. द्वितीय बेंच के पीठासीन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रमोद कुमार महथा और सदस्य अधिवक्ता अजय आनंद फाइनेंस कंपनियों व सुलहनीय मामलों को देखेंगे. इसके अतिरिक्त बेंच संख्या तीन (एसीजेएम प्रथम संदीप चैतन्य व सदस्य गणेश कुमार), बेंच चार (एसडीजेएम सुधा रानी व सदस्य रानी विक्रमशीला प्रसाद), बेंच सात (मजिस्ट्रेट ऋचा भारद्वाज व सदस्य रेणु कुमारी मिश्रा) और बेंच आठ (ऐश्वर्या दीप व सदस्य अनामिका कुमारी) में विभिन्न बैंकों व फौजदारी मामलों का निस्तारण होगा.

ट्रैफिक चालान के निपटारे के लिए विशेष दो बेंच

लंबित ट्रैफिक चालान से परेशान वाहन चालकों की सुविधा के लिए इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत में विशेष रूप से दो अलग बेंचों की व्यवस्था की गई है. बेंच संख्या पांच एवं बेंच संख्या छह सीधे जिला परिवहन कार्यालय परिसर में बैठकर कार्य करेंगी. बेंच पांच की पीठासीन पदाधिकारी मुंसिफ प्रियंका कुमारी और बेंच छह की पीठासीन पदाधिकारी मुंसिफ खुशबू आनंद बनाई गई हैं. इन बेंचों में अधिवक्ता प्रियरंजन कुमार सिंह और अशोक कुमार दास सदस्य के रूप में सहयोग करेंगे. वाहन मालिक यहां पहुंचकर अपने लंबित ई-चालान और ट्रैफिक मुकदमों का आसानी से निपटारा करा सकेंगे.

प्राधिकार सचिव की आमजन से आगे आने की अपील

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सचिन कुमार ने जिले के सभी पक्षकारों और वादकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाने की पुरजोर अपील की है. उन्होंने कहा कि पक्षकार आपसी सहमति और भाईचारे के आधार पर मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए आगे आएं, उन्हें निश्चित तौर पर त्वरित और सस्ता न्याय मिलेगा. लोक अदालत में हुए फैसलों से समय और पैसे की बचत होती है तथा इसके खिलाफ किसी उच्च अदालत में कोई अपील भी नहीं होती, जिससे विवाद हमेशा के लिए समाप्त हो जाता है.

यह भी पढ़ें...मधुबनी में नए पीएसएस से शुरू होगी बिजली आपूर्ति, 25 वार्डों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay anand

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >