मधुबनी से अनिल कुमार झा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी समेत पूरे बिहार में युवाओं के बीच तंबाकू उत्पादों का सेवन तेजी से बढ़ रहा है. चिंता की बात यह है कि इस लत की चपेट में अब लड़कियां भी बड़ी संख्या में आ रही हैं. स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौती मानते हुए जागरूकता अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है.
लड़कों से ज्यादा लड़कियां कर रहीं तंबाकू सेवन
ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार, 7.3 प्रतिशत युवा किसी न किसी रूप में तंबाकू उत्पादों का इस्तेमाल कर रहे हैं. आंकड़ों के मुताबिक 6.6 प्रतिशत लड़के जबकि 8 प्रतिशत लड़कियां तंबाकू का सेवन कर रही हैं. ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में यह प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है.
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि युवाओं को तंबाकू से दूर रखने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों और स्वास्थ्य संस्थानों में पहले से ही तंबाकू मुक्त परिसर से जुड़े बोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं.
2017 में तंबाकू मुक्त घोषित हो चुका है जिला
सीड्स संस्था के कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने बताया कि मधुबनी जिला वर्ष 2017 में तंबाकू मुक्त घोषित किया जा चुका है. इससे पहले समस्तीपुर को 2016 में तंबाकू मुक्त जिला घोषित किया गया था. दरभंगा प्रमंडल बिहार का पहला तंबाकू मुक्त प्रमंडल बना था.
मुंह के कैंसर का बड़ा कारण बना तंबाकू
सिविल सर्जन ने बताया कि तंबाकू सेवन कई गंभीर बीमारियों की वजह बन रहा है. सभी प्रकार के कैंसर में करीब 40 प्रतिशत मामले तंबाकू सेवन से जुड़े हैं, जबकि मुंह के कैंसर के 90 प्रतिशत मामलों की मुख्य वजह तंबाकू ही है. उन्होंने लोगों से इस आदत से दूर रहने की अपील की.
घर, स्कूल और सार्वजनिक जगहों पर बढ़ रहा सेवन
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, तंबाकू उत्पादों का सेवन सबसे अधिक घरों में हो रहा है. इसके अलावा स्कूल, दोस्तों के घर, सार्वजनिक स्थान और विशेष आयोजनों में भी युवा इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई है.
