Madhubani News: भेजा थाना क्षेत्र के लिलजा चौक पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सनकी अपराधी ने सरेआम चाय दुकान पर बैठे युवक पर देशी कट्टा तान दिया . हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने गजब की हिम्मत दिखाई और अपराधी को हथियार समेत रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया . गिरफ्तार अपराधी की पहचान सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के दौका गांव निवासी रोहित कुमार उर्फ सुरजा के रूप में हुई है . पुलिस मामले की जांच में जुट गई है .
गाली-गलौज कर जान से मारने की दी धमकी, दूसरा साथी बाइक से फरार
घटना को लेकर परसौनी गांव निवासी पीड़ित चंद्रमोहन कुमार ने भेजा थाने में दो बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है . दर्ज मामले के अनुसार, चंद्रमोहन लिलजा गांव के चौक पर एक चाय दुकान पर बैठे थे . इसी दौरान रोहित कुमार उर्फ सुरजा वहां आया और बातचीत करते-करते अचानक देशी कट्टा निकाल कर उनकी कनपटी पर सटा दिया . वह जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा .
ग्रामीणों ने दबोचा, किया पुलिस के हवाले
चंद्रमोहन के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और घेराबंदी कर रोहित को दबोच लिया . हालांकि, इस दौरान उसका दूसरा साथी, जो सुपौल जिले के बकौर गांव का निवासी संतोष कुमार बताया जा रहा है, बाइक लेकर मौके से भागने में सफल रहा . पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है.
मधुबनी से की रिपोर्ट
