मधुबनी के फुलपरास से जगदीश कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: फुलपरास थाना क्षेत्र के फुलकाही गांव में बुधवार देर रात 35 वर्षीय विवाहिता संगीता देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया.
घरेलू विवाद को लेकर हत्या की आशंका
मृतका की पहचान फुलकाही गांव निवासी रामकुमार साह की पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद और पति की दो शादियों से जुड़े विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है. हालांकि पुलिस अभी सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए. मृतका के पति रामकुमार साह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद फुलकाही गांव में दहशत और शोक का माहौल है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
