मधुबनी: जमीन विवाद में भाई की जान भाई लेने पर तुला, चाकू से किया हमला

Madhubani News: मधुबनी के रामपट्टी बाजार में भूमि विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि एक भाई ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंचा. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी से उदय सिंह की रिपोर्ट

Madhubani News: भूमि विवाद की पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई. मधुबनी जिले के रामपट्टी बाजार में मंगलवार देर रात एक युवक पर उसके ही भाई ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया. इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में सदर अस्पताल मधुबनी में भर्ती कराया गया. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है.

दुकान बंद कर घर लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, रामपट्टी गोसाईं टोल निवासी देवेंद्र दास रामपट्टी दुर्गास्थान के पास नाश्ते की दुकान चलाते हैं. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनके भाई अनिल कुमार से सामना हो गया.

चाकू से किया हमला

आरोप है कि दोनों भाइयों के बीच पहले से चल रहे भूमि विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया. इसी दौरान अनिल कुमार ने चाकू निकालकर देवेंद्र दास पर हमला कर दिया. हमले में देवेंद्र दास के सिर पर गंभीर चोट लगी. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया.

जमीन विवाद बना हमले की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के कारण यह हमला हुआ है. घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है.

पुलिस जांच में जुटी

घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >