मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: झंझारपुर प्रखंड के लोहना उत्तर पंचायत में 15वीं वित्त आयोग की राशि से कराए गए विकास कार्यों की मंगलवार को उच्चस्तरीय जांच की गई. बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा की शिकायत पर पंचायती राज विभाग, पटना द्वारा गठित तीन सदस्यीय टीम ने विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता और अभिलेखों की पड़ताल की.
पटना से पहुंची तीन सदस्यीय जांच टीम
जांच दल में पंचायती राज विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी ललित राही, अनुश्रवण कोषांग के निखिल राज तथा जिला क्वालिटी मैनेजर सुपौल रामरतन राम शामिल थे.
स्थानीय स्तर पर बीपीआरओ प्रवीण कुमार, मुखिया अशोक कुमार झा, पंचायत सचिव, कनीय अभियंता और तकनीकी टीम के सदस्य मौजूद रहे.
कला मंच, छठ घाट और चारदीवारी की हुई जांच
टीम ने सबसे पहले रुपौली दुर्गास्थान परिसर में करीब पांच लाख रुपये की लागत से बने कला मंच का निरीक्षण किया. मंच के बीच आई दरार को लेकर अधिकारियों ने संबंधित लोगों से पूछताछ की.
इसके बाद लोहना दुर्गास्थान स्थित मध्य विद्यालय परिसर में वर्ष 2022-23 में निर्मित छठ घाट और वर्ष 2024-25 में बने चारदीवारी एवं गेट निर्माण कार्य की जांच की गई.
जांच दल ने भैरवस्थान थाना के पीछे बाबा डीहवार स्थान में बने रंगमंच, सामुदायिक भवन तथा चारदीवारी की भी मापी कर गुणवत्ता की जांच की. अधिकारियों ने लॉग-बुक और प्राक्कलन के अनुसार निर्माण कार्यों का मिलान किया.
मंत्री ने लगाया था अनियमितता का आरोप
मंत्री नीतीश मिश्रा ने पंचायत में 15वीं वित्त आयोग की राशि से कराए गए कार्यों में अनियमितता, राशि के बंदरबांट, एजेंसी चयन में गड़बड़ी और निर्माण गुणवत्ता खराब होने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी.
जांच टीम के सदस्यों ने मीडिया से बातचीत में कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट विभाग को सौंपी जाएगी.
