Madhubani Liquor Raid: जिले में शराब के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ उत्पाद विभाग ने रविवार और सोमवार को लगातार दो दिनों तक विशेष अभियान चलाया. इस दौरान जिलेभर में 181 स्थानों पर छापेमारी की गयी. कार्रवाई में शराब तस्करी के मामले में चार और शराब सेवन के आरोप में 13 समेत कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं ड्रोन की मदद से विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 1,023 किलो अर्धनिर्मित शराब के घोल को बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया.
रविवार को 83 जगहों पर हुई छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक विजय कांत ठाकुर ने बताया कि रविवार को जिले में 83 स्थानों पर छापेमारी की गयी. इस दौरान 380 लीटर देसी शराब बरामद करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया.
इसके अलावा शराब सेवन के आरोप में चार लोगों को पकड़ा गया. ड्रोन से निगरानी के दौरान अरेर और बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के हिसार एवं लदौत गांव में 525 लीटर अर्धनिर्मित शराब का घोल बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया.
सोमवार को 98 स्थानों पर कार्रवाई
सोमवार को उत्पाद विभाग की टीम ने 98 स्थानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब सेवन के आरोप में नौ लोगों को पकड़ा गया.
गिरफ्तार तस्कर के पास से करीब 10 लीटर देसी शराब बरामद की गयी. वहीं, ड्रोन की सहायता से अरेर एवं बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के नागदह और बलाईन सिमराही में कार्रवाई की गयी. यहां करीब 498 किलो अर्धनिर्मित शराब का घोल बरामद कर नष्ट किया गया.
ड्रोन से संवेदनशील इलाकों पर निगरानी
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि शराब के अवैध निर्माण, तस्करी और सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ायी जा रही है.
उन्होंने कहा कि ड्रोन निगरानी के जरिये शराब के अवैध निर्माण वाले संभावित ठिकानों की पहचान कर वहां प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: पंडौल में 24 फीट से नीचे पहुंचा भूजल स्तर, 59 वार्डों में नलजल योजना का काम तेज
