Madhubani News: जंतर-मंतर पर अधिवक्ताओं के साथ कथित पुलिसिया बर्बरता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को झंझारपुर बार के अधिवक्ताओं ने विरोध मार्च निकाला. अधिवक्ता संघ परिसर से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचा.
केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
मार्च का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने किया. अधिवक्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार तथा दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में अधिवक्ताओं और छात्रों के साथ इस प्रकार की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
एसडीओ को सौंपा मांगपत्र
अनुमंडल कार्यालय पहुंचने पर अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी टोनी कुमारी को मांगपत्र सौंपा. ज्ञापन में जंतर-मंतर पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई.
बड़ी संख्या में अधिवक्ता हुए शामिल
विरोध मार्च में अधिवक्ता शंभू कुमार, रामनरेश यादव, विनोद कुमार मंडल, मुन्ना, शिवशंकर यादव, बालकृष्ण मंडल, राजकुमार सदाय, सत्रुधन कुमार मंडल, अशुतोष यादव, डॉ. विजय कुमार मंडल, संजय कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं न्यायिक कर्मी शामिल हुए.
