Jhanjharpur Firing: भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लोहना गांव के पास एनएच-27 पर शनिवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग कर एक युवक को गोली मार दी. घटना रात करीब 11.30 बजे की बतायी जा रही है. घायल युवक की पहचान लखनौर थाना क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी जितेंद्र ठाकुर के 19 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार के रूप में हुई है. गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, अविनाश अपने चाचा के साथ बाइक से पटना से अपने घर बेरमा लौट रहा था. जैसे ही दोनों लोहना गांव के पास एनएच-27 पर पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर फायरिंग शुरू कर दी.
ओवरटेक कर बदमाशों ने की दो राउंड फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की. इस दौरान एक गोली अविनाश की जांघ में लगी, जिससे वह बाइक से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
वारदात के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल अविनाश को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गये.
पिस्टल से गोली चलने की आशंका
भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बाइक पर सवार तीनों बदमाश नशे की हालत में थे. घायल के बयान के अनुसार दो राउंड फायरिंग हुई है, जिससे पिस्टल से गोली चलने की आशंका है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि दरभंगा से फर्द बयान आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद एनएच-27 पर देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही बदमाशों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
यह भी पढ़ें
बासोपट्टी में स्कूल गयी 12 वर्षीय छात्रा लापता, पुलिस ने बरामद कर युवक को किया गिरफ्तार
