झंझारपुर में चला बुलडोजर: नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ चल रहा अभियान बुधवार को एक बार फिर तेज हुआ. पुलिस बल की मौजूदगी में नगर परिषद की टीम ने वार्ड 26, 23 और 17 में बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाया. कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा.
32 लोगों को पहले दिया गया था नोटिस
नगर परिषद की ओर से कार्रवाई से पहले कुल 32 लोगों को नोटिस दिया गया था. इसके बाद बुधवार को टीम पुलिस बल के साथ संबंधित क्षेत्रों में पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की.
वार्ड 26 के सघन बाजार क्षेत्र में लंबे समय से संचालित पुरानी आटा चक्की को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
हटाई गयी जगह पर बनेगा सुपर डीलक्स शौचालय
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि वार्ड 26 में जिस स्थान से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां बाजार आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सुपर डीलक्स शौचालय का निर्माण कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. नगर परिषद का यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुविधा और सार्वजनिक जगहों को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.
कुछ जगह कार्रवाई पूरी, कुछ अधूरी
नगर परिषद की टीम के अनुसार, बुधवार को कुछ स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गयी, जबकि समय के अभाव में कुछ जगहों पर काम अधूरा रह गया. इन स्थानों पर आगे कार्रवाई पूरी की जाएगी.
नगर परिषद ने लोगों से अतिक्रमण हटाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
वार्ड 11 और 12 में भी प्रस्तावित है कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने का अभियान झंझारपुर के अन्य इलाकों में भी चलाया जाएगा. बेलारही के वार्ड 11 और 12 स्थित यादव टोली में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है.
बुधवार की कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी के रूप में स्वच्छता पदाधिकारी दीपक कुमार, कनीय अभियंता दीपक राज, सिटी मैनेजर संजय कुमार समेत नगर परिषद के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
मधुबनी में मिलेट प्रोडक्ट प्रोसेसिंग की ट्रेनिंग, महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल
