Ghoghardiha Passport Case: घोघरडीहा थाना पुलिस ने शनिवार की देर रात वाहन जांच के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो दर्जन से अधिक पासपोर्ट बरामद होने की बात सामने आयी है. पूछताछ में संदिग्धों ने पुलिस को बताया कि ये पासपोर्ट उन्हें ‘डाकबाबू’ नामक व्यक्ति ने रिसीव कराये थे. इसके बाद पुलिस ने शत्रुपट्टी गांव में छापेमारी कर उक्त व्यक्ति को भी हिरासत में ले लिया.
वाहन जांच के दौरान पकड़े गये चार संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, शनिवार की देर रात वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी संख्या में पासपोर्ट मिलने की बात सामने आयी.
एक साथ दो दर्जन से अधिक पासपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान पासपोर्ट उन्हें एक व्यक्ति द्वारा रिसीव कराये जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसके ठिकाने पर भी कार्रवाई की.
शत्रुपट्टी गांव में छापेमारी, ‘डाकबाबू’ हिरासत में
संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने शत्रुपट्टी गांव में छापेमारी की. वहां से ‘डाकबाबू’ नाम से बताये जा रहे व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया.
मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी. इसके बाद प्रभारी डीएसपी सुबोध कुमार देर रात घोघरडीहा थाना पहुंचे और हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ की.
सूत्रों के अनुसार, सभी संदिग्धों को फिलहाल थाना हाजत में रखा गया है. पुलिस बरामद पासपोर्ट के स्रोत और इन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के मामले की जांच कर रही है.
किन लोगों के हैं पासपोर्ट, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पासपोर्ट किन लोगों के हैं और हिरासत में लिये गये लोगों की इसमें क्या भूमिका है. पासपोर्ट किस माध्यम से इनके पास पहुंचे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जानकारी जुटायी जा रही है.
इसके साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं मामला किसी संगठित गिरोह से तो जुड़ा नहीं है. बड़ी संख्या में पासपोर्ट एक साथ मिलने के कारण पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है.
वरीय अधिकारी जुटा रहे पूरे मामले की जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारी भी पूरे प्रकरण की जानकारी जुटा रहे हैं. हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से हिरासत में लिये गये संदिग्धों के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गयी है.
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि डीएसपी के आने के बाद ही मामले में कुछ बताया जा सकता है. वहीं, प्रभारी डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा से मोबाइल पर मामले में पक्ष जानने का प्रयास किया गया. प्रश्न सुनने के बाद उन्होंने कॉल काट दिया.
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही बरामद पासपोर्ट के संबंध में वास्तविक स्थिति और हिरासत में लिये गये लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें
पिलखबार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले VIP शौचालय और पेयजल की खास तैयारी
